जनबोल न्यूज

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिर्फ हवाई सर्वेक्षण करते हैं। वो कभी जमीन पर उतरकर आम जनता की परेशानियों को कभी समझने की कोशिश नहीं करते। सरकार को जनहित में बाढ़ पर पैसे खर्च करने चाहिए। नीतीश कुमार एक पॉलिटिकल गैम्बलर है। पिछले दो महीनों से वे अपने घर से नहीं निकले है। बाढ़ पीड़ितों का हाल जानना है तो हवाई सर्वेक्षण छोड़ पानी में जाना चाहिए। बाढ़ के नाम पर सरकारी लूट मची हुई है। सरकार को बाढ़ पर श्वेत पत्र लाना चाहिए। उक्त बातें जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कही।

जाप सुप्रीमो ने कहा कि बिहार सरकार ने एक दिन का विधानसभा सत्र बुलाकर जनता के साथ धोखा किया है। पूरे सत्र के दौरान पक्ष और विपक्ष राजनीति करते रहें। किसी ने बाढ़ और कोरोना की समस्याओं को नहीं उठाया. इस दौरान मुख्यमंत्री को हर बाढ़ प्रभावित परिवार को 20 हज़ार रुपए देने की घोषणा करनी चाहिए थी, मुफ़्त राशन और बिजली बिल माफ़ करने की घोषणा करनी चाहिए. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।

पप्पू यादव ने आगे कहा कि बिहार के 14 जिलों में 60 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इन जिलों में न मेडिकल टीम की तैनाती की गई है और न ही भोजन, साफ पानी और शौचालय की व्यवस्था है। शौचालय न होने के कारण महिलाओं को सबसे ज्यादा समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

बाढ़ का जिक्र करते हुए जाप अध्यक्ष ने कहा कि सभी एमएलए, एमपी, मंत्री अपने-अपने घर में कैद है। उन्हें जनता के बीच जाकर देखना चाहिए कि वे किस परिस्थिति में रह रहें हैं। बाढ़ भ्रष्ट नेताओं और अधिकारियों के लिए दुधारू गाय है। बांध जान बूझकर तोड़े जाते हैं और फिर फ्लड फाइटिंग के नाम पर आम आदमी का पैसा लूटा जाता है। आपदा और सिंचाई विभाग के मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए और उनके संपत्ति की जांच होनी चाहिए।

कोरोना पर पप्पू यादव ने कहा कि रोज़ कोरोना वायरस से मौतें बढ़ती जा रही है। हेल्थ सेक्रेटरी को बार-बार बदला जा रहा है। इससे साफ पता चलता है कि हेल्थ डिपार्टमेंट में सबकुछ ठीक नहीं है। हम बिहार की जनता जो समस्याओं से निजात दिलाकर रामराज की स्थापना करेंगे।

इससे पहले जनता दल (सेक्यूलर) के मुंगेर अध्यक्ष वीरू कुमार भगत ने अपने 200 साथियों के साथ, भागलपुर के पैक्स अध्यक्ष पंकज कुमार, ललित कुमार महतो, मुन्नी देवी, सोनी कुमारी अशरफ अली, विशाल, सूरज कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जाप की सदस्यता ली। इस मौके पर जनता राज विकास पार्टी के अध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने अपने पार्टी का विलय जाप में किया।

इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू, प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश लालू उपस्थित रहें।

0Shares

Leave a Reply